5
(1)

@ अंडर-14 में मगध प्रमंडल ने तीनों व्यक्तिगत पदकों पर जमाया कब्जा, टीम स्पर्धा में भी रहा अव्वल; भागलपुर में राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आगाज।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। किसी के हाथों में तना हुआ धनुष, आंखों में लक्ष्य और दिल में बिहार का नाम रोशन करने का सपना… भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में मंगलवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। तीर और कमान के बीच खिलाड़ियों के आत्मविश्वास, एकाग्रता और वर्षों के अभ्यास की परीक्षा शुरू हुई। मौका था राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी बालक प्रतियोगिता 2026-27 के भव्य शुभारंभ का। प्रतियोगिता के पहले ही दिन मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों ने ऐसा निशाना साधा कि अंडर-14 व्यक्तिगत स्पर्धा के तीनों पदक अपने नाम कर लिए।

खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 24 से 26 नवंबर तक चलेगी। इसमें बिहार के सभी नौ प्रमंडलों और एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के चयनित खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेम शंकर ने संयुक्त रूप से किया। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों ने पारंपरिक एवं अनुशासित अंदाज में अतिथियों का स्वागत किया।जिला खेल पदाधिकारी मो. शमीम अंसारी ने पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर दोनों अतिथियों का अभिनंदन किया।

खेल के रोमांच के बीच उद्घाटन समारोह में बिहार बाल भवन किलकारी के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। बच्चों की ऊर्जा, शानदार तालमेल और आकर्षक प्रस्तुति ने अतिथियों से लेकर खिलाड़ियों तक सभी का मन मोह लिया। पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

प्रतियोगिता के पहले दिन सबसे अधिक चर्चा मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों की रही। अंडर-14 बालक व्यक्तिगत स्पर्धा में मगध के खिलाड़ियों ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए तीनों पदकों पर कब्जा जमा लिया।

प्रथम: करण कुमार (मगध प्रमंडल)
द्वितीय: गोलू कुमार (मगध प्रमंडल)
तृतीय: आयुष कुमार (मगध प्रमंडल)

तीनों स्थानों पर कब्जा कर मगध के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के पहले दिन अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। टीम स्पर्धा में भी मगध प्रमंडल ने पहला स्थान हासिल किया। भागलपुर प्रमंडल दूसरे और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) की टीम तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता को सुचारु और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से आठ तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें मीना हेम्ब्रम, आशुतोष कुमार सिंह, जय प्रकाश, सरोज कुमार, अविनाश कुमार ओझा, निर्भय कुमार सिंह, कुन्दन कुमार हेम्ब्रम एवं अभव कुमार शामिल हैं।

यह प्रतियोगिता महज पदक जीतने का मुकाबला नहीं, बल्कि बिहार के उन उभरते खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने का अवसर है, जिनकी आंखों में राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सपना पल रहा है। तीन आयु वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।

फिलहाल सैंडिस कंपाउंड में मुकाबलों का रोमांच जारी है। आने वाले दिनों में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों की प्रतिभा भी देखने को मिलेगी। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कौन-कौन से युवा तीरंदाज अपने सटीक निशाने से पदक हासिल कर राष्ट्रीय मंच की ओर कदम बढ़ाते हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: