
विधायक विजय खेमका ने निर्माणाधीन खादी मॉल का किया निरीक्षण, स्वदेशी उत्पादों और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
पूर्णिया । पूर्णिया के दुर्गाबाड़ी, भट्ठा बाजार में निर्माणाधीन खादी मॉल का सोमवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद आयडा के कनीय अभियंता और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खादी मॉल का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

विधायक विजय खेमका ने बताया कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत लगभग आठ करोड़ रुपये की राशि से खादी मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। जी प्लस थ्री संरचना वाले इस भवन का निर्माण करीब 15 हजार वर्गफीट क्षेत्र में किया जा रहा है। मॉल में 40 से 50 वेंडरों और प्रतिष्ठानों के लिए स्थान उपलब्ध कराने की योजना है।
यहाँ स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के साथ हैंडलूम के कपड़े, खाद्यान्न तथा विभिन्न प्रकार की सामग्रियों की बिक्री की व्यवस्था होगी। इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर कई तरह के स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
स्थानीय कारोबारियों और कारीगरों को मिलेगा मंच
विधायक ने कहा कि खादी मॉल पूर्णिया के स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों, छोटे व्यवसायियों और उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इसके माध्यम से स्वदेशी उत्पादों और हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित हो सकते हैं। खादी मॉल के शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने इस वर्ष दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य बताया है। विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि खादी मॉल के शुरू होने से पूर्णिया के स्थानीय उत्पादकों और व्यवसायियों को लाभ मिलेगा तथा स्वदेशी उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता राजेश चौरसिया, अजीत सिंह, गौरव चंद्रवंशी, मुकेश साह, कुणाल दास, डब्लू पांडे, विजय सिंह, सुरेश दास, गुप्ता जी सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।














