5
(3)

महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई, अतिरिक्त रोशनी और सिटी घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर

पूर्णिया। शारदीय दुर्गापूजा को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्णिया नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर सोमवार को नगर निगम सभागार में महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, उपमहापौर, वार्ड पार्षदों और विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, शहर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी विग्नेश टीए का महापौर विभा कुमारी और पार्षदों ने शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं, महापौर ने विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

पूजा पंडालों के आसपास चलेगा विशेष सफाई अभियान

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था, सामाजिक सद्भाव और एकता का महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए निगम पूरी मुस्तैदी से काम करेगा। उन्होंने पूजा समितियों से जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

महापौर ने बताया कि सभी पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नियमित रूप से कचरा उठाव के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा। पंडालों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत की जाएगी और शहर की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। जिन रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहाँ अतिरिक्त हाईमास्ट और फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप

शहर में जलजमाव, नालों के ओवरफ्लो और सफाई से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम का विशेष कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। इसके अलावा नगर निगम और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इसमें निगम के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। इसके माध्यम से समस्याओं की जानकारी साझा कर उनका शीघ्र समाधान कराने का प्रयास होगा।

सिटी घाट पर प्रतिमा विसर्जन की होगी व्यवस्था

प्रतिमा विसर्जन को लेकर महापौर ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह पूर्णिया सिटी घाट पर प्रमुख रूप से विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। घाट और वहाँ तक पहुँचने वाले मार्ग की विशेष सफाई तथा समतलीकरण कराया जाएगा। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी और लाल झंडे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को खतरनाक स्थानों के प्रति सतर्क किया जा सके।

घाट परिसर और विसर्जन मार्ग पर पर्याप्त फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी। निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर भी उपलब्ध रहेगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रशिक्षित गोताखोर, लाइफ जैकेट और मोटर बोट की व्यवस्था की जाएगी।

बिना लाइसेंस पंडाल और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल न करें समितियाँ

सदर अनुमंडल पदाधिकारी विग्नेश टीए ने पूजा समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी।

उन्होंने कहा कि जिन पूजा समितियों ने अब तक पंडाल निर्माण, प्रतिमा विसर्जन और लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया है, वे समय रहते लाइसेंस प्राप्त कर लें। साथ ही लाउडस्पीकर बजाने के लिए निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करें, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

सफाई, रोशनी और आवागमन की नियमित होगी निगरानी

नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान नगर निगम की सभी संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। सफाई, कचरा उठाव, प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत जैसे कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल नगर निगम को दें। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और पूजा समितियों के आपसी सहयोग से ही पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है। महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पूजा समितियों से लिए गए सुझाव

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पूजा समिति के प्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए गए। नगर निगम ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि दुर्गापूजा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके और शहर में स्वच्छता एवं सुरक्षा बनी रहे।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह, नवल जायसवाल, स्वपन घोष, अमित कुमार सोनी, कृष्ण कुमार पासवान, लखेंद्र साह, तौकीर रियाज, रजी हाशमी, ममता सिंह, राखी कुशवाहा, निर्जला देवी, कल्याणी राय, पूनम देवी, राकेश राय, भोला कुशवाहा, बबलू सहाय, आतिश सनातनी, अभिजीत कुमार, अंजनी साह, अनिल उरांव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राहुल यादव, रहीम अंसारी, बहादुर यादव, उपेंद्र सिंह, मनोज साह, शंकर यादव, ललनेश सिंह, अजय मांझी, प्रधान सहायक उमेश यादव, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और जिले के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों के सदस्य मौजूद थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: