
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर मोबाइल चोरी की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति चलती ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वैसे बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो काफी पुराना है जिसे हाल में कुछ लोगों ने पुनः सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है। इस तरह के वायरल वीडियो की हम पुष्टि नहीं करते हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कथित तौर पर मोबाइल चोरी करने के इरादे से व्यक्ति ने ट्रेन की खिड़की से अंदर हाथ डालने की कोशिश की। इसी दौरान एक यात्री ने उसका हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि ट्रेन की रफ्तार बढ़ने पर यात्री ने उसका हाथ छोड़ दिया, जिसके बाद वह संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया।
वीडियो में घायल व्यक्ति को उठाते दिखे आरपीएफ जवान
घटना से जुड़े वीडियो में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान घायल व्यक्ति को उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, घायल व्यक्ति की पहचान क्या है और उसकी वर्तमान स्थिति कैसी है, इस संबंध में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल, घटना से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। मामले में रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















