
सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार तिवारी ने आरपीएफ पोस्ट के रिकॉर्ड, सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की जांच की, जवानों को सतर्क रहने का निर्देश

नवगछिया। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक सुरक्षा आयुक्त, बरौनी अजय कुमार तिवारी ने नवगछिया रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोस्ट में उपलब्ध अभिलेखों, सीसीटीवी व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित उपकरणों की जांच की। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त ने रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान सभी अधिकारी और जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें। आगामी त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया गया।
रेलवे मुख्यालय के निर्देशों की दी जानकारी
अजय कुमार तिवारी ने जवानों को रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली, पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर और मंडल मुख्यालय, सोनपुर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने सभी बल सदस्यों को अनुशासन बनाए रखने, निर्धारित नियमों का पालन करने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान रेलवे परिसर और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर काम करना होगा।
निरीक्षण के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना पासी सहित अन्य आरपीएफ पदाधिकारी मौजूद रहे।















