
वनभाग स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जुटेंगे पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और नवगछिया के प्रमुख पदाधिकारी, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर होगी चर्चा
पूर्णिया । कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक 15 अक्टूबर को पूर्णिया के वनभाग स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और नवगछिया से पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में चुनावी रणनीति तैयार करने, संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और चुनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव और रोहन गुप्ता सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक संजीव चौरसिया और प्रदेश महामंत्री राजेश झा राजू की भी उपस्थिति रहेगी।
पांच जिलों के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल
बैठक में पांचों जिलों के विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, कोर कमेटी के सदस्य और पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों और विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने, संगठन के बीच समन्वय स्थापित करने और चुनाव से जुड़ी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।

चुनावी तैयारियों को गति देने पर रहेगा जोर
भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इसमें पांचों जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर आयोजित इस बैठक को पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों और चुनावी प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में होने वाले विचार-विमर्श के आधार पर चुनाव से संबंधित गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।















