
महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में वार्ड-25 स्थित रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी में सफाई अभियान, नागरिकों से जनभागीदारी की अपील
पूर्णिया नगर निगम की ओर से शुक्रवार को वार्ड नंबर 25 स्थित रामजानकी गोकुल सिंह ठाकुरबाड़ी (दुर्गा मंदिर) परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान के दौरान महापौर, नगर आयुक्त, वार्ड पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और स्वच्छता कर्मियों ने झाड़ू लगाकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक और रंगोली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कलाकारों ने अपनी रोचक प्रस्तुतियों के जरिए स्वच्छता का महत्व बताया और लोगों को अपने घर, आसपास के क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया।

स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी : महापौर
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर पूर्णिया का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए शहर के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक कचरा इधर-उधर न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निष्पादन करें। उन्होंने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाने की अपील की।
स्वच्छता को आदत बनाना जरूरी : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि पूर्णिया को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे नियमित जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक और रंगोली जैसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों तक स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और आम नागरिकों से नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की।
अधिकारी, पार्षद और स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में जितेंद्र यादव, वार्ड पार्षद अंजनी साह, राखी कुशवाहा, स्वपन घोष, पार्षद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुशवाहा, दिलीप चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक अविनेश कुमार सिंह, लोक स्वच्छता पदाधिकारी अंकिता भारद्वाज और सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित नगर निगम के कर्मी, स्थानीय नागरिक एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।















