5
(1)

नवगछिया पुलिस ने खगड़िया के घनश्याम शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा, मामले में अब तक एक महिला समेत चार आरोपित गिरफ्तार

नवगछिया थाना पुलिस ने उमेश शर्मा हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान खगड़िया जिले के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंदेहरा निवासी घनश्याम शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घनश्याम शर्मा पर हत्या की साजिश में सहयोग करने और मुख्य आरोपित को स्कॉर्पियो वाहन उपलब्ध कराने का आरोप है।

छह अगस्त को दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार, छह अगस्त को कमलेश्वरी मिस्त्री ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर अपनी बहू अनिता देवी पर आरोप लगाया था कि वह उनके पुत्र उमेश शर्मा को डॉक्टर से दिखाने के बहाने नवगछिया ले गई थी, जिसके बाद उमेश लापता हो गया। इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या 316/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान लापता उमेश शर्मा का शव कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र स्थित मलकिन घाट के पास कोसी नदी से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।

हत्या में इस्तेमाल वाहन उपलब्ध कराने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, घनश्याम शर्मा पर पंकज शर्मा के साथ मिलकर हत्या की साजिश में सहयोग करने का आरोप है। आरोप है कि घनश्याम ने पंकज शर्मा को स्कॉर्पियो वाहन उपलब्ध कराया था और हत्या के समय वह भी वाहन में मौजूद था।

पुलिस की जांच के अनुसार, अनिता देवी और पंकज शर्मा के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। उमेश शर्मा इस संबंध का विरोध करता था। इसी विवाद के कारण उमेश को रास्ते से हटाने की साजिश रचे जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

हैदराबाद से फ्लाइट से पूर्णिया पहुंचा था पंकज

पुलिस के अनुसार, पांच अगस्त को पंकज शर्मा हैदराबाद से विमान के जरिए पूर्णिया एयरपोर्ट पहुंचा था। वहां मोहम्मद सोहेल और मोहम्मद इरफान पहले से मौजूद थे। इसके बाद तीनों स्कॉर्पियो से नवगछिया स्टेशन पहुंचे, जहां अनिता देवी अपने पति उमेश शर्मा और पुत्र के साथ मौजूद थी।

पुलिस का कहना है कि पंकज शर्मा ने उमेश को किसी काम के बहाने मुरली चलने के लिए कहा और उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद वाहन से कुर्सेला की ओर ले जाते समय कथित तौर पर गला दबाकर उमेश की हत्या कर दी गई। शव को बाद में कोसी नदी से बरामद किया गया।

पहले तीन आरोपितों की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में पुलिस पहले ही अनिता देवी, सुलतानगंज थाना क्षेत्र के घोरघट निवासी मोहम्मद सोहेल और विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के छोटी साहेबगंज निवासी मोहम्मद इरफान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।

अब घनश्याम शर्मा की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: