
@ गर्मी से सामने के कांच टूटे; शॉर्ट सर्किट की आशंका।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मॉल में सुबह का कामकाज सामान्य तरीके से चल रहा था, तभी स्टॉक रूम से उठती आग की लपटों ने अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मॉल के सामने लगे कांच भी टूट गए। शनिवार को भागलपुर के टेक्नो स्पोर्ट मॉल में लगी आग से करीब 6 हजार कपड़े जलकर राख हो गए। दमकलकर्मियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

।घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मॉल के स्टॉक में कुल करीब 13 हजार कपड़े रखे होने की जानकारी सामने आई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मॉल के मैनेजर राजेश कुमार झा के मुताबिक, शनिवार सुबह सब कुछ सामान्य था। करीब 10:40 बजे कर्मचारियों ने स्टॉक रूम में अचानक आग की लपटें देखीं। इसके बाद आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। स्टॉक रूम में रखे कपड़ों के कारण आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि विभाग को सुबह करीब 11:40 बजे आग लगने की सूचना मिली।करीब दो घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक स्टॉक रूम में रखे लगभग 6 हजार कपड़े जल चुके थे।
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अग्निशमन विभाग घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहा है।फिलहाल मॉल प्रबंधन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
















