
बियाडा घाट से बड़ी जहाजों के जरिए हो रहा यात्रियों का आवागमन, नाविकों ने कहा—कर्ज लेकर खरीदी नाव, अब रोजी-रोटी पर संकट
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद गंगा पार आवागमन के लिए बियाडा घाट से बड़ी जहाजों का परिचालन कराया जा रहा है। इस बीच स्थानीय नाविकों ने भी छोटी नावों के परिचालन की अनुमति देने की मांग उठाई है। अपनी मांगों को लेकर नाविक जिलाधिकारी के जनता दरबार पहुंचे और प्रशासन से छोटी नावें चलाने की अनुमति देने की गुहार लगाई।
नाविकों का कहना है कि उनके पास छोटी नावें उपलब्ध हैं और वे यात्रियों को गंगा पार कराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि निर्धारित सुरक्षा नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की शर्त पर उन्हें भी नावों के परिचालन का अवसर दिया जाए।

कर्ज लेकर खरीदी नाव, अब अनुमति की आस
नाविकों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर नावें खरीदी थीं। उन्हें उम्मीद थी कि विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद गंगा पार यात्रियों के आवागमन में उनकी नावों को भी चलाने का अवसर मिलेगा। लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिलने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है।
नाविकों के अनुसार, पहले भी उनकी नावों के माध्यम से यात्रियों को निःशुल्क गंगा पार कराया जाता था। इसके बदले जिला प्रशासन की ओर से उन्हें भुगतान किया जाता था। उन्होंने प्रशासन से इसी तरह व्यवस्था में शामिल करने अथवा छोटी नावों के परिचालन की अनुमति देने की मांग की है।
जलस्तर कम होने के बाद अनुमति देने की मांग
नाविकों का कहना है कि पहले गंगा में पानी अधिक होने के कारण छोटी नावों के परिचालन की अनुमति नहीं मिल पा रही थी। अब जलस्तर कम होने के बाद उन्होंने प्रशासन से उनकी मांग पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन सुरक्षा संबंधी आवश्यक शर्तें निर्धारित करता है, तो वे उनका पालन करने के लिए तैयार हैं।

नाविकों ने कहा कि छोटी नावों के परिचालन की अनुमति मिलने से यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है और नाविकों की आजीविका भी चल सकेगी। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन उनकी मांग पर क्या निर्णय लेता है।















