
@ भागलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की तैयारी तेज, जिला कार्यालय में हुई बैठक; मंत्री नीतीश मिश्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बनाई रणनीति।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 2 नवंबर को प्रस्तावित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को भाजपा के जिला कार्यालय में तैयारी बैठक आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पदयात्रा में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को कार्यक्रम का मुख्य अतिथि बताया गया है।बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा वंदे मातरम् के गायन के साथ हुई। इसके बाद प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।

विपक्ष पर हमलावर दिखे मंत्री नीतीश मिश्रा:
नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक जवाबदेही और जनहित के मुद्दों को रखा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया और कहा कि चुनावी नतीजों ने विपक्ष के आरोपों पर सवाल खड़े किए हैं।मंत्री ने दावा किया कि भाजपा को जनता का समर्थन उसके कार्यों के आधार पर मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर विकास की प्रक्रिया में बाधा डालने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के ऐसे प्रयासों का विरोध करेंगे।
विधानसभा और मंडल स्तर पर होंगी बैठकें:

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि पदयात्रा को सफल बनाने के लिए विधानसभा और मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएगी।नवगछिया जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह ने विपक्ष पर लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के जरिए जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी। जिला प्रभारी राजेश जैन ने भी अभियान को लेकर संगठनात्मक सक्रियता पर जोर दिया।
बैठक को नगर विधायक रोहित पांडेय, एमएलसी डॉ. एन. के. यादव, मेयर डॉ. वसुंधरा लाल, मुरारी पासवान, पवन मिश्रा, अभय वर्मन, नितेश सिंह, योगेश पांडेय और रतन मंडल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां मजबूत करने का संदेश दिया। भाजपा ने इस बैठक के जरिए आगामी पदयात्रा को लेकर संगठनात्मक तैयारियों में तेजी लाने और अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।















