
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भेजा पत्र, शीघ्र मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग
भागलपुर। राष्ट्रीय उच्च मार्ग-80 पर पकड़तल्ला, कहलगांव स्थित कुआ नाला पुल की जर्जर स्थिति को लेकर भागलपुर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं युवा कांग्रेस नेता विकाश सिंह ने पहल की है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजकर पुल की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। इसके साथ ही भागलपुर के जिलाधिकारी और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।

हजारों लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग
विकाश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-80 भागलपुर जिले का एक महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में कुआ नाला पुल की जर्जर स्थिति लोगों की परेशानी बढ़ाने के साथ उनकी सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि पुल की खराब स्थिति के कारण कहलगांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भागलपुर चिकित्सा, शिक्षा और व्यापार का प्रमुख केंद्र है। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों के लोग इलाज, पढ़ाई, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी मार्ग से आते-जाते हैं। ऐसे में पुल की बदहाल स्थिति से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों और आम लोगों को परेशानी हो रही है।
तकनीकी निरीक्षण और मरम्मत में तेजी लाने की मांग
विकाश सिंह ने संबंधित विभागों से कुआ नाला पुल का अविलंब तकनीकी निरीक्षण कराने और जरूरत के अनुसार मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त चेतावनी संकेतक और अन्य जरूरी इंतजाम करने की भी अपील की है।
उन्होंने कहा कि सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं। इनकी खराब स्थिति का सीधा असर आम लोगों के जीवन, सुरक्षा और आवागमन पर पड़ता है। इसलिए संबंधित विभागों को इस समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
शीघ्र कार्रवाई की जताई उम्मीद

विकाश सिंह ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस जनसमस्या को गंभीरता से लेंगे और जल्द आवश्यक कदम उठाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।















