
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सात निश्चय-3 के तहत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को डीआरडीए परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों से जुड़े कुल 44 आवेदनों पर सुनवाई की गई।
जनता दरबार में जिला जन शिकायत प्रभारी सह वरीय उप समाहर्ता श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन अग्रसारित किए। सुनवाई के दौरान सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से संबंधित सामने आए। इसके अलावा स्वास्थ्य, आपदा, आर्म्स, विद्युत, पंचायती राज, पीएचईडी, शिक्षा और पुलिस विभाग से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

सुनवाई के दौरान सबौर प्रखंड निवासी श्रीकांत कुमार ने जिला नियोजनालय में नाम दर्ज कराने को लेकर आवेदन दिया। उनके आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला नियोजन कार्यालय भेजा गया।
वहीं, बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत सैनचक निवासी श्री अरुण कुमार सिंह के निलाम पत्र से संबंधित आवेदन पर सुनवाई करते हुए उसे जिला निलाम पत्र पदाधिकारी के पास अग्रसारित किया गया। इसी प्रकार पीरपैंती प्रखंड निवासी श्री भोला दास के पीएचईडी विभाग से संबंधित आवेदन को आवश्यक कार्रवाई के लिए कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी पूर्व, भागलपुर को भेजा गया।
जनता दरबार में जिला जन शिकायत प्रभारी श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता, श्री अशोक, पीजीआरओ, सदर तथा डीआरडीए के निदेशक उपस्थित रहे।
















