
पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने भी लिया हिस्सा, एकता और सद्भाव का दिया गया संदेश
नवगछिया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात में आयोजित भव्य परेड का सीधा प्रसारण नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न थाना परिसरों एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के अलावा आम नागरिकों तथा स्कूली बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

परेड के सीधे प्रसारण के माध्यम से उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के महत्व से अवगत कराया गया। विशेष रूप से बच्चों को राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। साथ ही लोगों को यह संदेश दिया गया कि देश की मजबूती और विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन का उद्देश्य लोगों में देशप्रेम, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करना तथा सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
















