
एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में लौह पुरुष के योगदान को किया याद
नवगछिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को जीबी कॉलेज, नवगछिया में 4/35 बिहार बटालियन एनसीसी, पूर्णिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया गया। साथ ही राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट (डॉ.) दिव्य प्रियदर्शी ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रो. सत्येन्द्र कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर डॉ. मो. मोसर्रत हुसैन एवं डॉ. फिरोज अहमद ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रही है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकजुटता का प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अरसदुज्जमा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर डॉ. उषा शर्मा, डॉ. सुनील कुमार, शिक्षकेत्तर कर्मचारी मुकेश पोद्दार, पूर्व कैडेट राजेश सिंह एवं जलाल, सीनियर अंडर ऑफिसर खुशी कुमारी, कुणाल, ऋतुराज, तौफीक सहित अन्य एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और कैडेटों को राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया।














