
परबत्ता थाना क्षेत्र की घटना, चिमनी भट्ठे में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के जाह्नवी चौक के समीप रविवार को एक चिमनी भट्ठे में काम करने के दौरान ईंट की दीवार गिरने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान छर्रापट्टी साहू निवासी प्रेमलाल कुमार (35), पिता जगदीश यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, प्रेमलाल कुमार रविवार को रोज की तरह चिमनी भट्ठे में मजदूरी करने गया था। इसी दौरान अचानक ईंट की एक दीवार उसके ऊपर गिर गई। दीवार के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल मजदूर का प्राथमिक उपचार किया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि संबंधित चिमनी भट्ठे का संचालन राजू शाह करते हैं। घटना के बाद चिमनी भट्ठे में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कार्यस्थल पर मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं, यह जांच का विषय है। मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था और कार्यस्थल की स्थिति की जांच जरूरी है।















