
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड स्थित इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को राज्य स्तरीय विद्यालय बैडमिंटन बालक प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण अनुशासन, समर्पण और खेल भावना है। जिला खेल पदाधिकारी ने उन्हें पौधा एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

3 से 6 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों एवं एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
पहले दिन इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी:
अंडर-14 बालक वर्ग के प्रथम राउंड में विकास कुमार, हर्ष झा, अली हसन अली, ईमान हसन, अर्नब मिश्रा, अयांश कुमार, सुयश चौहान, संस्कार स्वरूप, किसलय कुमार, प्रिंस राज, प्रतीक कुमार सिंह और आनंद कुमार ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में चयनकर्ता मिथिलेश कुमार, सुभाष कुमार, राम कुमार सिंह तथा अंपायर ऋतुराज, शेखर सुमन, सूर्यकांत एवं अभिराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के शेष मुकाबलों के परिणाम 4 नवंबर को जारी होंगे। चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
















