
@ जिले को मिला 41,427 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य, पिछले वर्ष 33,785 मीट्रिक टन की हुई थी खरीद का लक्ष्य निर्धारण; पैक्स और व्यापार मंडलों को तैयारी का निर्देश।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। छठ महापर्व के बाद जहां खेतों में धान की कटाई शुरू होने वाली है, वहीं किसानों के लिए राहत की खबर है। इस बार सहकारिता विभाग ने भागलपुर जिले में पिछले साल की तुलना में धान खरीद का लक्ष्य 7,642 मीट्रिक टन बढ़ा दिया है। जिले में 15 नवंबर से सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू होगी। धान की फसल अच्छी होने से किसानों में उत्साह है और सरकारी खरीद का लक्ष्य बढ़ने से उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए अधिक अवसर मिलने की उम्मीद है।
इस बार भागलपुर जिले को 41,427 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह लक्ष्य 33,785 मीट्रिक टन था। पिछले वर्ष जिले में निर्धारित लक्ष्य का 99.61 प्रतिशत धान खरीदा गया था। इस बार लक्ष्य में हुई वृद्धि को जिले में धान उत्पादन की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

सहकारिता विभाग ने धान खरीद की तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी पैक्स और व्यापार मंडलों को क्रय केंद्रों पर विभागीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया है। धान खरीद के लिए पैक्स एवं व्यापार मंडलों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला मुख्यालय स्तर पर खरीद की नियमित निगरानी की जाएगी। चावल मिलों का निबंधन और सत्यापन भी पूरा कर लिया गया है। इस बार जिले में पांच उसना और आठ अरवा चावल मिलों का निबंधन हुआ है।
भागलपुर जिले में धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया है, लेकिन पूर्वी बिहार के कई अन्य जिलों में पिछले वर्ष की तुलना में लक्ष्य कम कर दिया गया है। बांका जिले को इस बार 1,16,528 मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है, जबकि पिछले वर्ष यह 1,22,096 मीट्रिक टन था। इसी तरह जमुई, खगड़िया, लखीसराय और मुंगेर जिलों के धान खरीद लक्ष्य में भी कमी की गई है। ऐसे में भागलपुर जिले के किसानों को इस बार बढ़े हुए खरीद लक्ष्य से अपेक्षाकृत अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के इच्छुक किसानों को अपना निबंधन कराना अनिवार्य होगा। निबंधन की प्रक्रिया चल रही है। विभाग ने समितियों को निर्देश दिया है कि किसानों से धान खरीदने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में विलंब होने पर संबंधित समितियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इधर, खेतों में धान की फसल लगभग पककर तैयार है। छठ महापर्व के बाद किसान कटाई और दौनी में जुट जाएंगे। इसके साथ ही गेहूं, मक्का, चना, मसूर और सरसों जैसी रबी फसलों की बुआई की तैयारी भी शुरू हो जाएगी। इस बार धान की अच्छी फसल और सरकारी खरीद का लक्ष्य बढ़ने से किसानों में उत्साह है।
















