
@ घने कोहरे के बीच अज्ञात वाहन ने आर्टिगा कार में मारी टक्कर, छठ मनाकर बनारस लौट रहा था परिवार।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर बाईपास मोड़ के पास गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक आर्टिगा कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र स्थित आसमानीचक गांव में छठ पूजा मनाने आए थे। पर्व संपन्न होने के बाद गुरुवार सुबह सभी लोग कार से बनारस लौट रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर बाईपास मोड़ के पास घने कोहरे के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में बनारस निवासी कार चालक ननकू राय (45) और वंदना राय (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बुलबुल शर्मा (55), आरती शर्मा (35), आर्य शर्मा (18) और तनिश शर्मा (13) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 102 एंबुलेंस के जरिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने हादसे में दो लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।















