
@ दिनदहाड़े बैंक कॉलोनी में दुस्साहसिक वारदात, डॉक्टर ने एक बदमाश को दबोचा तो तान दी पिस्तौल; आधी चेन लेकर फरार हुए बाइक सवार।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। शहर की सड़कों पर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी गुरुवार दोपहर बैंक कॉलोनी, आदमपुर मोड़ के पास देखने को मिली। यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला डॉक्टर को निशाना बनाया। लेकिन इस बार उनका सामना किसी खामोश शिकार से नहीं, बल्कि साहस दिखाने वाली महिला डॉक्टर से हुआ। गले से सोने की चेन झपटते ही डॉ. शिवानी चौधरी बदमाश से भिड़ गईं और उसे पकड़ भी लिया। मगर अगले ही पल बदमाश ने पिस्तौल निकाल ली। हथियार देखते ही आसपास मौजूद लोगों के कदम ठिठक गए और अपराधी वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट के पद पर कार्यरत डॉ. शिवानी चौधरी गुरुवार को अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रही थीं। मूल रूप से सजौर थाना क्षेत्र के राधानगर की रहने वाली शिवानी का परिवार वर्षों से आदमपुर की बैंक कॉलोनी में रहता है।
दोपहर करीब 12:30 बजे वह किसी जरूरी काम से आदमपुर चौक गई थीं। वहां से पैदल घर लौटते समय घर के पास कॉर्नर पर पीछे से बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मार दिया।
बदमाशों ने जैसे ही चेन खींची, डॉ. शिवानी ने फुर्ती दिखाते हुए उसे अपनी मुट्ठी में कसकर पकड़ लिया। इस दौरान चेन का आधा हिस्सा टूटकर जमीन पर गिर गया। नीचे गिरे हिस्से को उठाने के लिए जैसे ही बदमाश झुका, डॉक्टर ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और जोर-जोर से शोर मचाने लगीं।
महिला डॉक्टर के इस प्रतिरोध से बदमाश घबरा गया। खुद को फंसता देख उसने पिस्तौल निकाल ली। हथियार देखकर डॉक्टर को पीछे हटना पड़ा। आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन पिस्तौल के खौफ ने उन्हें भी आगे आने से रोक दिया। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. शिवानी के पिता इंजीनियर देवेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे। इसके बाद वह बेटी को लेकर जोगसर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
जोगसर थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने चेन छिनतई की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन दिया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।















