
भागलपुर के नवगछिया इलाके में खरीक थाना क्षेत्र के ढोढिया दादपुर गांव के पास गुरुवार को कोसी नदी में नहाने के दौरान चार बच्चे डूब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे गहरे पानी में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से लापता बच्चों की तलाश की जा रही है। प्रशासन से रेस्क्यू अभियान तेज करने के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम भेजने की मांग की गई है। लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।














