
नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया रेलवे स्टेशन की तस्वीर आने वाले दिनों में बदलने वाली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के विकास कार्य में देरी के बावजूद रेलवे ने यहां रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी शुरू की है। बरौनी-कटिहार रेलखंड पर नवगछिया के आसपास दो नई रेल लाइनों का निर्माण किया जाएगा। इन्हें ग्रैंड रेल कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है।
इससे बनारस, पटना और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के परिचालन का रास्ता आसान होने की संभावना है। रेलवे की इन योजनाओं से नवगछिया पूर्वी बिहार के महत्वपूर्ण रेल केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है।

इसके अलावा कटरिया से बाबा बटेश्वर स्थान के बीच गंगा नदी पर प्रस्तावित रेल-सह-सड़क पुल से बनने वाली नई रेल लाइन को भी नवगछिया स्टेशन से जोड़ने की योजना है। इससे गंगा और कोसी क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।














