
भागलपुर। सिल्क सिटी में मां जगद्धात्री की दशमी पूजा गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। दुर्गाबाड़ी, कालीबाड़ी, गांगुलीबाड़ी और महाशय ड्योढ़ी सहित बंगाली बहुल इलाकों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई और श्रद्धालुओं ने मां को भावभीनी विदाई दी।

मशाकचक स्थित दुर्गाबाड़ी में मां को दही, चूड़ा, लावा और मिठाइयों का भोग लगाया गया। इसके बाद प्रतिमा को मुसहरी घाट स्थित कृत्रिम तालाब में विसर्जित किया गया। वहीं, कालीबाड़ी में भी विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई।
गांगुलीबाड़ी में पूजा के बाद महिलाओं ने सिंदूर खेला की परंपरा निभाई। इसके बाद घट विसर्जन के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई बिहार बंगाली समिति की बरारी शाखा के अध्यक्ष तरुण घोष ने की। पूरे आयोजन में बंगाली परंपरा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की कामना के साथ विदाई दी।














