
@ भागलपुर के कहलगांव में प्रेम प्रसंग का चौंकाने वाला मामला, बेटी ने कहा- ‘प्रेमी ही मेरा पति है, उसी के साथ रहूंगी’; पिता बोले- जब उसने हमें छोड़ दिया तो अब हमारा भी उससे कोई रिश्ता नहीं।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बेटी की विदाई तो हर पिता के लिए भावुक पल होता है, लेकिन भागलपुर में एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का ही प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। वजह बनी बेटी की वह जिद, जिसमें उसने अपने प्रेमी को पति स्वीकार करते हुए परिवार के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया। बेटी के इस फैसले से आहत पिता ने उसका पुतला बनाकर अंतिम संस्कार की रस्म निभाई और ऐलान कर दिया कि अब बेटी से उनका कोई रिश्ता नहीं रहेगा।

यह मामला कहलगांव के रसलपुर थाना क्षेत्र के चन्नो गांव का बताया जा रहा है। यहां रिमझिम नाम की युवती अपने घर से निकलकर प्रेमी के घर पहुंच गई। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे उसे वापस लाने के लिए प्रेमी के घर पहुंचे। लेकिन वहां बेटी का फैसला सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों के मुताबिक, रिमझिम ने घरवालों के सामने दो टूक कह दिया कि वह अपने प्रेमी को ही पति मान चुकी है और अब उसी के साथ जिंदगी बिताएगी। उसने घर लौटने से साफ इनकार कर दिया। बेटी के इस फैसले ने परिवार को भीतर तक झकझोर दिया।पिता अनुज पासवान का कहना है कि जब बेटी ने ही परिवार से नाता तोड़ लिया है तो अब उनके लिए भी उससे कोई रिश्ता नहीं बचा है।
परिवार के अनुसार, रिमझिम और उसका प्रेमी एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। दोनों साथ में ट्यूशन भी जाते थे। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।बताया जा रहा है कि दोनों अलग-अलग जातियों से आते हैं। प्रेमी बेरोजगार है और इसी वजह से रिमझिम के परिजन इस रिश्ते और शादी के लिए तैयार नहीं थे। परिवार की असहमति और रिमझिम के फैसले के बीच विवाद बढ़ता गया। आखिरकार युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई।
कई दिनों तक बेटी की वापसी का इंतजार करने और उसे घर लाने की कोशिशों में नाकाम रहने के बाद शनिवार को पिता अनुज पासवान और परिवार के अन्य सदस्यों ने एक बेहद भावुक और प्रतीकात्मक कदम उठाया। उन्होंने रिमझिम का पुतला तैयार किया और उसे मृत मानकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी कर दी। परिवार का कहना है कि जब बेटी खुद वापस आने को तैयार नहीं है तो अब उससे कोई संबंध रखने का सवाल ही नहीं उठता। परिजनों ने यह भी कहा कि वे इस मामले में थाना-पुलिस के चक्कर में नहीं पड़ना चाहते, इसलिए अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इस पूरे मामले में एक और पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि प्रेमी का परिवार भी इस रिश्ते से नाराज है। जातिगत अंतर को लेकर लड़के के परिजनों की भी असहमति बताई जा रही है।फिलहाल रिमझिम और उसका प्रेमी कहां हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। गांव के लोग भी दोनों के वर्तमान ठिकाने को लेकर अनभिज्ञ बताए जा रहे हैं।















