5
(2)

@ चार दिवसीय कृषि परिभ्रमण कार्यक्रम के तहत दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को दी जाएगी व्यावहारिक जानकारी।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर की ओर से जिले के 52 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को चार दिवसीय कृषि परिभ्रमण पर रांची (झारखंड) भेजा गया। रविवार को किसानों के दल को कृषि भवन परिसर, तिलकामांझी, भागलपुर से आरक्षित बस के माध्यम से दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, रांची के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर आत्मा, भागलपुर के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि इस परिभ्रमण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों, उन्नत विधियों और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देना है। इसके माध्यम से किसानों को कृषि क्षेत्र में नए प्रयोगों एवं नवाचारों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले के सभी 16 प्रखंडों से चयनित 52 प्रगतिशील एवं नवाचार किसानों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। परिभ्रमण के दौरान किसान दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र में जैविक एवं प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखेंगे और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य यह भी है कि प्रशिक्षण एवं भ्रमण से प्राप्त अनुभवों को किसान अपने खेतों में अपनाएं तथा वापस लौटकर अपने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक और प्रेरित करें।

इस परिभ्रमण दल में कहलगांव प्रखंड के प्रगतिशील किसान मनोज झा सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसान शामिल हैं। किसानों के दल को प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सुल्तानगंज राजीव लोचन के नेतृत्व में रवाना किया गया।

इस पहल से जिले में टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को खेती की नई तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय में वृद्धि की संभावनाओं को बल मिलने की उम्मीद है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: