
बाढ़ का पानी उतरने के बाद बुआई के लिए तैयार हुए खेत फिर हुए गीले, फसल पिछड़ने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका
नवगछिया। लगातार दो दिनों तक हुई बारिश ने मक्का किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे मक्के की बुआई का काम प्रभावित हो गया है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद किसानों ने खेतों की जुताई कर उन्हें सूखने के लिए छोड़ दिया था। धीरे-धीरे जमीन बुआई के लिए तैयार हो रही थी, लेकिन इसी बीच हुई बारिश ने खेतों को फिर से गीला कर दिया। अब किसानों को खेत सूखने का इंतजार करना पड़ रहा है।

मक्का किसानों मु. सुहान, मु. तबरेज, प्रसादी सिंह, संजय कुमार और मनोज सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मक्के की बुआई करीब दस दिन आगे बढ़ गई है। पहले ही बाढ़ के कारण खेती का काम पिछड़ गया था। अब खेतों में दोबारा नमी आ जाने से समय पर बुआई करना मुश्किल हो गया है।
किसानों ने बताया कि मक्के की बुआई में देरी का असर आगे चलकर फसल पर पड़ सकता है। फसल पकने के समय पछुआ हवा चलने से मक्के के दाने के अच्छी तरह विकसित होने में परेशानी हो सकती है। इससे दाने की गुणवत्ता और फसल की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि बाढ़ के कारण पहले ही खेती का समय प्रभावित हुआ है। अब बेमौसम बारिश ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। खेत तैयार होने के बावजूद बुआई नहीं कर पाने से किसानों को संभावित आर्थिक नुकसान की आशंका सता रही है।















