
लग्न के मौसम में तेज आवाज में डीजे बजाने से आम लोगों को हो रही परेशानी पर एसपी सख्त, विवाह भवन संचालकों को भी दिए गए निर्देश
नवगछिया। लग्न का मौसम शुरू होते ही नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर विवाह समारोह और बारात के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सड़कों, विवाह भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी होती है। कई जगहों पर बारात के दौरान सड़क पर नाच-गाने के कारण आवागमन भी प्रभावित होता है।

इस मामले को लेकर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि प्रशासनिक निर्देश के अनुसार बिहार में रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। यह नियम विवाह भवनों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों सहित सभी स्थानों पर लागू है। रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में किसी भी प्रकार का ध्वनि विस्तार करना प्रतिबंधित है।
एसपी ने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाया जाता है और इससे परेशानी होती है तो तत्काल स्थानीय थाना को सूचना दें। इसके अलावा डायल 112 पर फोन कर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने बताया कि डायल 112 की टीम को भी इस तरह की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होता है तो लोग सीधे नवगछिया एसपी कार्यालय को इसकी जानकारी दे सकते हैं।
विवाह भवन संचालकों को भी दी गई चेतावनी
एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि नवगछिया क्षेत्र के पंजीकृत विवाह भवन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे अपने परिसर में रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे नहीं बजने दें। यदि किसी विवाह भवन में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संचालक के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर डीजे और साउंड सिस्टम जब्त भी किया जा सकता है।
अस्पतालों और प्रमुख सड़कों के आसपास भी परेशानी
नवगछिया क्षेत्र में विशेषकर अस्पतालों और अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास तेज आवाज में डीजे बजाने तथा बारात के दौरान सड़कों पर नाच-गाने से लोगों को परेशानी होती है। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विवाह समारोह की खुशी के नाम पर आम लोगों की सुविधा, शांति और यातायात व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।















