
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड में चल रही राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में युवा तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। कई स्पर्धाओं में पटना और मगध प्रमंडल के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 24 से 26 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों और एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के चयनित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

अंडर-14 कंपाउंड राउंड में पटना के अयान राज प्रथम, पूर्णिया के आनंद राज द्वितीय और पटना के रॉक सिंह तृतीय रहे। रिकर्व राउंड में पटना के प्रिंस राज ने पहला स्थान हासिल किया। इंडियन राउंड ओवरऑल में मगध के करण कुमार, गोलू कुमार और आयुष कुमार क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे।अंडर-17 इंडियन राउंड ओवरऑल में मगध के सिद्धार्थ गौतम प्रथम और तेजस कुमार द्वितीय रहे, जबकि पटना के शुभम समीर तीसरे स्थान पर रहे।अंडर-19 वर्ग में पटना के आयुष कुमार ने 40 मीटर, 30 मीटर और ओवरऑल स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। ओवरऑल में राहुल कुमार दूसरे और पीयूष कुमार केशरी तीसरे स्थान पर रहे। 30 मीटर स्पर्धा में भागलपुर के गुलशन कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
खिलाड़ियों को मिली बेहतर सुविधा
जिला खेल पदाधिकारी मोहम्मद शमीम अंसारी की निगरानी में खिलाड़ियों के भोजन, आवासन और खेल संबंधी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सैंडिस कंपाउंड के मैदान को भी प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया गया है। खिलाड़ियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की।
खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा तथा चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।













