
@ भागलपुर में महिलाओं की भागीदारी से खेतों में तेज हुई बुआई की तैयारी, 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय माना जाता है सबसे उपयुक्त।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। धान की कटाई का काम पूरा होते ही जिले के ग्रामीण इलाकों में अब रबी मक्के की बुआई शुरू हो गई है। खेतों से धान की फसल हटने के बाद किसान तेजी से अगली फसल की तैयारी में जुट गए हैं। इस कृषि कार्य में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ने लगी है। गांवों में महिलाएं खेतों की तैयारी, बीज डालने और बुआई से जुड़े दूसरे कार्यों में पुरुष किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दे रही हैं।

हालांकि, इस बार धान की कटाई के बाद बारिश ने जिस तरह कहर बरपाया, उसने किसानों को खून के आंसू रुला दिए। खेतों में कटे हुए धान बिखरे रह गए और बारिश के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। धान की फसल से हुई क्षति के बीच अब किसानों की उम्मीदें रबी मक्के की खेती पर टिकी हैं। वैसे नवंबर के प्रथम सप्ताह में जिस किसानों ने मक्के की बुआई की उसके खेतों में मक्के के पौधे लहराने लगे हैं।
नवंबर और दिसंबर महीने में बोई जाने वाली इस मक्के की फसल को रबी मक्का कहा जाता है। भागलपुर जिले में मक्के की खेती के लिहाज से रबी सीजन काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। किसानों के बीच इस फसल की लोकप्रियता का प्रमुख कारण इसकी अच्छी उपज और बाजार में मिलने वाला भाव है। यही वजह है कि धान की कटाई के तुरंत बाद किसान खाली खेतों में रबी मक्के की बुआई को प्राथमिकता दे रहे हैं। भागलपुर जिला मक्का उत्पादन के लिहाज से बिहार के प्रमुख कृषि क्षेत्रों में शामिल है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 1,30,817 एकड़ क्षेत्र में मक्के की खेती होती है। इसमें अनुमानित 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा रबी मक्के का बताया जाता है।
इस हिसाब से जिले में लगभग 78 हजार से 92 हजार एकड़ क्षेत्र में रबी मक्के की खेती होने का अनुमान है। इससे स्पष्ट है कि नवंबर-दिसंबर में बोई जाने वाली मक्का जिले के कृषि उत्पादन और किसानों की आमदनी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। धान की कटाई के बाद खाली होने वाले खेतों का उपयोग रबी मक्के की खेती के लिए किया जाता है। इससे किसान एक ही कृषि वर्ष में दो प्रमुख फसलों का उत्पादन कर पाते हैं।
मार्च-अप्रैल में तैयार होती है फसल
रबी मक्के की फसल सामान्य परिस्थितियों में लगभग 130 से 140 दिनों में तैयार होती है। नवंबर-दिसंबर में बुआई करने वाले किसानों को मार्च के अंतिम सप्ताह से अप्रैल महीने के दौरान फसल की कटाई का अवसर मिलता है। इस दौरान मक्के के भुट्टे पूरी तरह विकसित होकर पकने लगते हैं। किसान फसल की स्थिति और दानों में नमी के स्तर को देखते हुए कटाई और बिक्री की तैयारी करते हैं।
खेती में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी
रबी मक्के की बुआई के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों में महिलाओं की सक्रियता भी दिखाई देने लगी है। धान की कटाई के बाद खेतों की सफाई, तैयारी, बीज डालने और बुआई से जुड़े कार्यों में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी में महिलाओं का यह योगदान ग्रामीण कृषि व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।
कुल मिलाकर, धान की फसल को बारिश से हुए नुकसान के बाद भागलपुर जिले में रबी मक्के की खेती ने रफ्तार पकड़ ली है। नवंबर-दिसंबर में होने वाली इस बुआई से किसानों को मार्च-अप्रैल में अच्छी फसल और बेहतर आमदनी की उम्मीद है। अब किसानों की निगाहें मौसम, फसल की बढ़वार और बाजार में मिलने वाले भाव पर टिकी हैं।















