
दीप प्रज्वलित कर अतिथियों ने किया उद्घाटन, शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण और नवाचारी शिक्षण के लिए किया जाएगा प्रशिक्षित
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। तेज नारायण बनैली (टीएनबी) महाविद्यालय में गुरुवार को छह दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को भारतीय ज्ञान परंपरा, आदर्श शिक्षण मूल्यों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दीपो महतो, प्रो. अर्चना कुमारी साह, प्रो. स्नेहलता दास सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के सुकेश प्रसाद सिंह तथा इनकम टैक्स के जोनल अकाउंट ऑफिसर मनोज पंजियार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी शैक्षणिक कार्यक्रम की वास्तविक सफलता इस बात में निहित है कि उससे प्राप्त ज्ञान और अनुभव का भविष्य में व्यावहारिक उपयोग किस प्रकार किया जाता है। शिक्षकों को प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारियों को अपनी शिक्षण प्रक्रिया में शामिल करना चाहिए।
वहीं, कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर डॉ. राजीव कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की क्षमता और दक्षता बढ़ाने के साथ शिक्षण प्रक्रिया को अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और नवाचारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस छह दिवसीय आयोजन के दौरान भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। कार्यक्रम को शिक्षकों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।















