
@ पटना के जदयू कार्यालय में सुशासन दिवस पर सैंड आर्ट का अनूठा प्रदर्शन, रेत पर उकेरा ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’; संजय झा और निशांत कुमार ने भी की जमकर सराहना।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। रेत के कणों से कला का ऐसा अद्भुत संसार रचा कि देखने वाले बस निहारते रह गए। विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय परिसर में सुशासन दिवस के अवसर पर अपनी कलाकारी से सबको चकित कर दिया। उन्होंने करीब 30 टन बालू से नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची और 20 फीट लंबी विशाल सैंड आर्ट कलाकृति तैयार की। इसमें बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहद आकर्षक अंदाज में प्रदर्शित किया गया है।

कलाकृति का अवलोकन करने पहुंचे नीतीश कुमार इसकी भव्यता और बारीकियों को देखकर कुछ देर तक मुस्कुराते हुए निहारते रहे। उन्होंने कलाकार मधुरेंद्र कुमार की पीठ थपथपाकर बधाई दी। नीतीश कुमार ने कहा कि मधुरेंद्र बिहार में जगह-जगह अपने विकास कार्यों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बालू पर उकेरकर लोगों को जागरूक करते रहते हैं। उन्होंने कलाकार को इसी तरह बेहतर काम करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।
संजय झा और निशांत कुमार भी हुए मुरीद
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी मधुरेंद्र की कलाकृति की सराहना की। उन्होंने नीतीश कुमार को रेत पर उकेरी गई उनकी विशाल प्रतिमा और विकास योजनाओं से जुड़े चित्रों की विशेषताएं बताईं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी इस कलाकृति को देखने पहुंचे। अपने पिता की विशाल रेत प्रतिमा देखकर उन्होंने कलाकार की पीठ थपथपाई, हाथ मिलाया और उनकी कला की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
बिहार के नक्शे में समेट दी विकास की तस्वीर
इस सैंड आर्ट की खासियत यह है कि कलाकार ने बिहार के नक्शे को रंग-बिरंगे चित्रों से सजाकर राज्य के विकास की प्रतीकात्मक तस्वीर प्रस्तुत की है। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल बिहार, नल-जल योजना, बिजली और साइकिल योजना को आकर्षक तरीके से उकेरा गया है। कलाकृति पर ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ और ‘नीतीश कुमार बिहार के विकास पुरुष’ जैसे संदेश भी अंकित किए गए हैं।
12 घंटे की मेहनत, 30 टन बालू और कला का अद्भुत कमाल
सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस विशाल कलाकृति को तैयार करने में करीब 12 घंटे का अथक परिश्रम लगा। इसके निर्माण में लगभग 30 टन बालू का इस्तेमाल किया गया है। इसकी लंबाई 20 फीट और ऊंचाई 10 फीट है। उन्होंने कहा कि इस कलाकृति के जरिए कला के माध्यम से बिहार के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।















