
@ IIIT भागलपुर में ‘बिहार स्टार्टअप मार्केट कनेक्ट 2026’ का भव्य आयोजन, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स के गुर सीखकर उद्यमियों ने बढ़ाया ज्ञान।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। युवा उद्यमियों के सपनों को नई दिशा देने और बिहार में स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), भागलपुर में गुरुवार को ‘बिहार स्टार्टअप मार्केट कनेक्ट 2026’ का सफल आयोजन किया गया। संस्थान के स्टार्टअप सेल की ओर से जिला उद्योग केंद्र (DIC) के सहयोग तथा भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (BCE), भागलपुर के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स और व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने के व्यावहारिक गुर बताए गए।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राकेश कुमार एवं उद्योग विस्तार पदाधिकारी श्री श्याम प्रकाश की गरिमामयी उपस्थिति रही। विशेषज्ञों ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को बदलते डिजिटल बाजार की जरूरतों और स्टार्टअप को सफल व्यवसाय में बदलने की रणनीतियों से अवगत कराया।
डिजिटल मार्केटिंग से लेकर ई-कॉमर्स तक, विशेषज्ञों ने साझा किए सफलता के मंत्र
कार्यक्रम में साहिल सुमन ने डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और ग्राहकों तक प्रभावी ढंग से पहुँच बनाने की रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, स्विगी इंस्टामार्ट के विशेषज्ञों ने ई-कॉमर्स, ऑनलाइन बिक्री तथा डिजिटल मार्केटप्लेस से जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी। डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ बप्पी कुमार गुप्ता ने ब्रांड निर्माण, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO), सोशल मीडिया मार्केटिंग और ऑनलाइन पहचान मजबूत करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाया। इसके साथ ही ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के माध्यम से छोटे व्यवसायों एवं नए स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
अपनी स्टार्टअप यात्रा साझा कर युवा उद्यमियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्क्वायर-कट रिसर्च एंड इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक श्री राकेश प्रियदर्शी का प्रेरक सत्र रहा। उन्होंने अपनी उद्यमशीलता की यात्रा साझा करते हुए अपनी अभिनव ‘In-situ Cricket Pitch Changer Technology’ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्टार्टअप की परिकल्पना से लेकर उसे स्थापित करने और आगे बढ़ाने तक के अनुभव साझा किए तथा नवाचार, धैर्य और निरंतर प्रयास के महत्व को रेखांकित किया।
वहीं, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राकेश कुमार ने बिहार सरकार की औद्योगिक नीतियों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) योजनाओं तथा नए उद्यमियों के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता एवं प्रोत्साहन की जानकारी दी। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्यम को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
सवाल-जवाब के जरिए दूर हुईं उद्यमियों की जिज्ञासाएं
कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों एवं अतिथियों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने अपने स्टार्टअप आइडिया, बाजार में उत्पादों की पहुँच, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बिक्री और सरकारी सहायता से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए व्यावहारिक सुझाव दिए।















