
स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का किया शुभारंभ, संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों की दी गई जानकारी
नवगछिया। संविधान दिवस के अवसर पर सावित्री पब्लिक स्कूल, नवगछिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट एंड गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान के साथ किया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, उसके निर्माण, मूल सिद्धांतों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक राम कुमार साहू, सचिव कृष्ण कुमार साहू, एडमिनिस्ट्रेटर सुमित कुमार साहू एवं प्राचार्य अमित कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा तथा देश की एकता और अखंडता का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। इसलिए बचपन से ही उनमें अनुशासन, समानता, आपसी भाईचारा, देशप्रेम और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है।
इस अवसर पर खेल शिक्षक अभिषेक, शिक्षक सुरेश, दिवाकर सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और देश के प्रति समर्पित नागरिक बनाना था। अंत में विद्यार्थियों ने संविधान के आदर्शों का सम्मान करने तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।















