0
(0)

संविधान दिवस पर मदन अहल्या महिला महाविद्यालय में शिक्षकों ने रखे विचार, छात्राओं ने किया प्रस्तावना का पाठ

नवगछिया। मदन अहल्या महिला महाविद्यालय, नवगछिया के प्रांगण में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अवधेश रजक ने की, जबकि संचालन डॉ. विनीता सिन्हा ने किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने भारतीय संविधान के महत्व, नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अवधेश रजक ने कहा कि संविधान ही हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। इसे केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय अपने जीवन में उतारना होगा। संविधान के आदर्शों का पालन ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने का आधार है।

डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यह प्रत्येक नागरिक को जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर समानता का अधिकार देता है। वहीं, डॉ. राजेंद्र यादव ने कहा कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। केवल अधिकारों की मांग करने से लोकतंत्र मजबूत नहीं होगा, बल्कि नागरिकों को अपने कर्तव्यों का भी जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।

डॉ. आरती कुमारी ने संविधान में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार दिए जाने का उल्लेख करते हुए छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति हमेशा जागरूक रहने की सलाह दी। इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र रजक ने भी संविधान के विभिन्न पहलुओं पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया और संविधान के आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। इससे कार्यक्रम में जागरूकता और सहभागिता का वातावरण बना रहा।

मौके पर डॉ. राहुल कुमार, डॉ. धर्मेंद्र दास, डॉ. उदिता यादव, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. अंतर्यामी, डॉ. सुनीता कुमारी, डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. अर्चना कुमारी एवं अंशु आमन सहित सभी शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: