
नवगछिया। बिहार गृह रक्षक चन्द्रदेव रविदास के पुत्र सोबिन कुमार दास की गला काटकर हत्या करने के आरोपित मुकेश दास को न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। सत्रवाद संख्या 1303 ए-10 के हत्याकांड के आरोपित इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परवत्ता निवासी मुकेश दास को जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय, नवगछिया ने उम्रकैद की सजा सुनाई। न्यायाधीश ने आरोपित पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर एक वर्ष की अतिरिक्त सजा काटनी होगी।
इस संबंध में अपर लोक अभियोजक देवेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दो अगस्त 2010 को 11 बजे जहजवा धार के बिचली बहियार में मुकेश दास ने अपने साथियों के साथ इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के परवत्ता निवासी चन्द्रदेव रविदास के पुत्र सोबिन कुमार दास की गला काटकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में मृतक के पिता चन्द्रदेव रविदास के बयान पर इस्माइलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

उक्त कांड में चिकित्सक, साक्षी एवं अनुसंधानकर्ता सहित कुल आठ अभियोजन साक्षियों के साक्ष्य हुए। सभी साक्षियों ने घटना का पूर्ण समर्थन किया।
घटना का कारण 28 जुलाई 2010 को परवत्ता निवासी मनोज दास, मुकेश दास एवं भादो दास की भतीजी की शादी थी। उस शादी में चन्द्रदेव रविदास की पत्नी भी गई थी। उसे डायन कहकर वहां से भगा दिया गया था। इसी बात को लेकर सोबिन दास और चन्द्रदेव रविदास की पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद में आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के दिन आरोपितों ने घटना को अंजाम दिया।
आरोपित विगत कई वर्षों से फरार चल रहा था। मुकेश दास करीब 10 वर्षों तक फरार रहा था। लंबे समय बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत उसके विरुद्ध सुनवाई पूरी हुई और न्यायालय ने आरोपित को सजा सुनाई।















