
जीरोमाइल चौक पर डीआईयू और नवगछिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, गांजा तस्करी के मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलो 173 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई आदर्श थाना नवगछिया क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 स्थित जीरोमाइल चौक पर डीआईयू टीम और नवगछिया पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

जानकारी के अनुसार, गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से जीरोमाइल चौक पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान भागलपुर की ओर से नवगछिया आ रहे एक टेंपो को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान टेंपो में रखे दो बैग से कुल 12 किलो 173 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद टेंपो में सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार के अनुसार, महिला और उसका साथी गांजा की डिलीवरी करने जा रहे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे खड़े इंद्रदेव मंडल को भी संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा से भरे दोनों बैग उन्हें जगतपुर मुर्गी फार्म के पास इंद्रदेव मंडल ने उपलब्ध कराए थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परवत्ता निवासी इंद्रदेव मंडल, रंगरा थाना क्षेत्र के ज्ञानीदासटोला निवासी चंदन कुमार तथा भीखनपुर गुमटी, भागलपुर निवासी संतोष कुमार की पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर मामले की विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
असम जाने की तैयारी में थे आरोपित
सूत्रों के अनुसार, आरोपितों के पास से ट्रेन टिकट मिलने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वे नवगछिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर असम जाने की तैयारी में थे। पुलिस इस यात्रा के उद्देश्य तथा गांजा तस्करी के मामले में संभावित अंतरराज्यीय संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से गांजा के स्रोत, इसकी डिलीवरी के ठिकाने और तस्करी के कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है। इसके साथ ही आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाकर मामले में आगे की कार्रवाई की जाए।















