
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी करना अब संबंधित लोगों के लिए कानूनी मुश्किल खड़ी कर सकता है। इंस्टाग्राम पर मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी वाले 21 रील और वीडियो नवगछिया साइबर थाना के संज्ञान में आए हैं। पुलिस ने सभी वीडियो के यूआरएल चिह्नित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना में कार्यरत पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार ने साइबर डीएसपी को प्रतिवेदन भेजकर सनहा दर्ज करने का अनुरोध किया है। प्रतिवेदन में बताया गया है कि इंस्टाग्राम के अवलोकन के दौरान अलग-अलग यूआरएल पर ऐसे 21 रील और वीडियो मिले, जिनमें मुख्यमंत्री के प्रति कथित तौर पर आपत्तिजनक, अपमानजनक और अभद्र टिप्पणियां प्रसारित की गई हैं।

वीडियो अपलोड करने वालों की होगी पहचान
पुलिस ने आशंका जताई है कि इस तरह की सामग्री के सार्वजनिक प्रसार से आम लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। साथ ही विभिन्न वर्गों के बीच असंतोष, तनाव और आपसी टकराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी जताई गई है। इससे सार्वजनिक शांति, सामाजिक सौहार्द और विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बताई गई है।
साइबर थाना ने सभी 21 वीडियो और रील के संबंधित यूआरएल संकलित कर प्रतिवेदन के साथ संलग्न किए हैं। अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट, वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्तियों की पहचान, पोस्ट की तारीख और समय तथा वीडियो की वास्तविक प्रकृति की तकनीकी और विधिसम्मत जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
मेटा से भी मांगे जाएंगे डिजिटल साक्ष्य
प्रतिवेदन में मेटा/इंस्टाग्राम को संबंधित सामग्री की समीक्षा करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध भेजने की मांग की गई है। इसके अलावा संबंधित अकाउंट की जानकारी, आईपी लॉग और पोस्ट अपलोड करने की तारीख व समय जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की भी बात कही गई है, ताकि आगे की जांच में इनका इस्तेमाल किया जा सके।
फिलहाल मामला पुलिस के प्रतिवेदन और जांच की प्रक्रिया में है। संबंधित वीडियो अपलोड करने वालों की पहचान और उनके खिलाफ किसी कार्रवाई की पुष्टि जांच तथा आगे की आधिकारिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।















