5
(1)

परवत्ता थाना क्षेत्र के नन्हकार गांव की पीड़िता ने अज्ञात साइबर अपराधी पर जताया संदेह, राशि वापस दिलाने की मांग

नवगछिया। जिला नवगछिया में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। परवत्ता थाना क्षेत्र के नन्हकार गांव की रहने वाली 30 वर्षीय सीता देवी के बैंक खाते से कथित तौर पर बिना अनुमति 95 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। खाते से अचानक इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता सीता देवी ने अपने आवेदन में बताया है कि उनका खाता आइडीबीआई बैंक में है, जिससे उनका मोबाइल नंबर पंजीकृत है। उनके अनुसार, 10 नवंबर को दिन के करीब 11 बजे उनके बैंक खाते से बिना उनकी अनुमति के 95 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने स्वयं न तो कोई लेनदेन किया और न ही इस रकम की निकासी के लिए किसी को अनुमति दी थी।

सीता देवी ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात साइबर अपराधी ने उनका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से अवैध रूप से रुपये निकाल लिए। घटना के बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का संदर्भ संख्या 20511260080145 है।

इसके बाद पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने के साथ निकासी की गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच यह घटना एक बार फिर बैंक खाताधारकों के लिए सतर्क रहने की चेतावनी है। हालांकि, रकम की निकासी किस माध्यम से हुई और इसके पीछे किसकी भूमिका है, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: