


जिला अतिथि गृह के पास मुख्य सड़क पर गिरा विशाल वृक्ष
भागलपुर। मंगलवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान के दौरान जिला अतिथि गृह के समीप एक विशाल हरा पेड़ जड़ से उखड़कर मुख्य सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। हालांकि वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण महज 22 मिनट के भीतर सड़क से पेड़ हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:33 बजे घटना की सूचना मिलने के बाद वन प्रमंडल पदाधिकारी भागलपुर के निर्देश पर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 5:55 बजे तक सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात सामान्य कर दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में भागलपुर शहरी क्षेत्र में सूखे, क्षतिग्रस्त, रोगग्रस्त एवं झुके हुए पेड़ों की पहचान कर उनकी कटाई एवं छंटाई का कार्य पहले ही कराया गया था। तिलकामांझी चौक से कचहरी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर संभावित खतरा बने पेड़ों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार इस बार आंधी में किसी सूखे या क्षतिग्रस्त पेड़ के बजाय पूरी तरह हरा और स्वस्थ दिखाई देने वाला वृक्ष जड़ से उखड़ गया, जो बदलती जलवायु परिस्थितियों की ओर संकेत करता है। वन विभाग के अधिकारियों ने इसे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से जोड़ते हुए चिंता व्यक्त की है।
राहत एवं बचाव कार्य में वनों के क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम, वन परिसर पदाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, वनरक्षी अमरेश कुमार, शुभम कुमार सिंह, नीरज कुमार, आदित्य कुमार सिंह तथा वनकर्मी मो. नूर खान, सागर और रूपेश ने सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने सड़क को शीघ्र खाली कर यातायात बहाल करने के लिए वन विभाग की तत्परता की सराहना की। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
















