


जहान्वी चौक पर चालकों ने जताया आक्रोश, रोजगार पर संकट की कही बात
नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर टोटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक लगाए जाने के बाद मंगलवार को जहान्वी चौक पर चालकों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में टोटो एवं ई-रिक्शा चालक एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे और अपनी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा होने की बात कही।
प्रदर्शन कर रहे चालकों का कहना था कि पुल पर टोटो और ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक से हजारों परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। चालक विनोद कुमार ने बताया कि वह सुबह सब्जी लेकर भागलपुर जा रहे थे, तभी पुल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार टोटो और ई-रिक्शा को पुल से गुजरने की अनुमति नहीं है।
इस घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में टोटो चालक जहान्वी चौक पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने टायर जलाकर भी अपना आक्रोश व्यक्त किया।
स्थिति की जानकारी मिलने पर टीओपी प्रभारी गौरव कुमार, इस्माइलपुर थाना, परबत्ता थाना की पुलिस तथा खरीक अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उनकी समस्याओं को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
चालकों का कहना है कि टोटो और ई-रिक्शा उनके परिवार की आय का प्रमुख स्रोत है। परिचालन बंद होने से न केवल उनके रोजगार पर असर पड़ेगा, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी होगी। उनका कहना है कि कम किराए और आसान उपलब्धता के कारण बड़ी संख्या में लोग इन वाहनों पर निर्भर रहते हैं।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से मांग की कि जल्द कोई व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, ताकि एक ओर पुल पर यातायात व्यवस्था बनी रहे और दूसरी ओर हजारों लोगों के रोजगार पर संकट न आए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि मामले से संबंधित मांगों और सुझावों को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















