


पत्नी घायल, अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा इलाज
नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित अंभो चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। हादसा तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट निवासी 25 वर्षीय हीरो कुमार, पिता बेदानंद सिंह के रूप में हुई है। वहीं उनकी पत्नी मौसम कुमारी आंशिक रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब एक बजे हीरो कुमार अपनी पत्नी को जेपी कॉलेज नारायणपुर में सेमेस्टर-3 की परीक्षा दिलाने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान खरीक टोल प्लाजा पार करने के बाद अंभो चौक के पास हादसा हो गया।
मृतक के चचेरे भाई बादल कुमार सिंह ने बताया कि हीरो कुमार दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और कुछ दिनों पहले ही घर आया था। उन्होंने बताया कि अंभो चौक के पास बालू लदे ट्रैक्टर से बचने के दौरान बाइक की रफ्तार धीमी हुई, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार दस चक्का ट्रक ने बाइक को कुचल दिया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि दादपुर-अंभो सड़क पर दिन-रात उजला बालू लदे सैकड़ों ट्रैक्टर बिना सुरक्षा मानकों के चलते हैं। लोगों का आरोप है कि कई ट्रैक्टरों में ब्रेक तक सही नहीं होता और कम उम्र के बच्चे भी ट्रैक्टर चलाते नजर आते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दादपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से बचने के लिए बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपति को पुलिस वाहन से अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने हीरो कुमार को मृत घोषित कर दिया।
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
















