
पूर्णिया विश्वविद्यालय में छात्र हितों की अनदेखी का आरोप, करीब 20 हजार विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र लंबित होने का दावा
पूर्णिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय में छात्र हितों की कथित अनदेखी और विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के विरोध में गुरुवार को अनोखा सांकेतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कुलपति, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों से सीमांचल के छात्र-छात्राओं के हित में काम करने की सांकेतिक रूप से भीख मांगी गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्णिया विश्वविद्यालय बनाओ संघर्ष समिति के संस्थापक डॉ. आलोक राज और पूर्णिया विश्वविद्यालय छात्र राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने किया। दोनों नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर आरोप लगाया कि छात्र हितों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रशासन का ध्यान आपसी गुटबाजी में अधिक लगा हुआ है। इसका खामियाजा सीमांचल के हजारों विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। छात्र अपने अधिकारों के लिए विश्वविद्यालय कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

डॉ. आलोक राज और पीयूष पुजारा ने कहा कि करीब तीन वर्ष पूर्व पूर्णिया विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। उस समारोह में शामिल छात्र-छात्राओं को कुलाधिपति के समक्ष प्रमाण पत्र तो उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन उनका अंकपत्र अब तक नहीं दिया गया है। तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी संबंधित विद्यार्थी अपने अंकपत्र के लिए विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब पिछले दीक्षांत समारोह में शामिल विद्यार्थियों को अब तक आवश्यक अंकपत्र और प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए जा सके हैं, तो आगामी दीक्षांत समारोह की सफलता और विश्वसनीयता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को समारोह आयोजित करने और अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने से पहले विद्यार्थियों की लंबित समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के अलावा कुलपति के आवास पर भी पहुंचे और सांकेतिक रूप से भीख मांगकर अपनी मांग रखी। बताया गया कि उस समय कुलपति विश्वविद्यालय में मौजूद नहीं थे और अपने आवास पर थे। प्रदर्शनकारियों ने वहां भी मांग की कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन सामान्य तरीके से छात्र हित में काम करने को तैयार नहीं है, तो कम से कम सांकेतिक रूप से ही सीमांचल के विद्यार्थियों का हित करते हुए उन्हें लंबित अंकपत्र और प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुलपति के आवास पर पहुंचकर मांग रखने के बावजूद कुलपति बाहर आकर विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने या उनके समाधान का आश्वासन देने नहीं पहुंचे। इसको लेकर कार्यक्रम में शामिल लोगों ने नाराजगी जताई और विश्वविद्यालय प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
डॉ. आलोक राज और पीयूष पुजारा ने दावा किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कथित लापरवाही के कारण करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्र लंबित हैं। प्रमाण पत्र और अंकपत्र नहीं मिलने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, नौकरी और अन्य आवश्यक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि लंबित अंकपत्र और मूल प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। करीब 20 हजार विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए तथा आगामी दीक्षांत समारोह से पहले सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
दोनों नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय किसी पदाधिकारी, गुट या व्यक्ति की निजी संस्था नहीं है, बल्कि यह सीमांचल के लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनके सपनों से जुड़ी संस्था है। विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता गुटबाजी के बजाय छात्र हित, पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि सीमांचल के विद्यार्थियों को अपने ही विश्वविद्यालय से अंकपत्र और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए आखिर कब तक भटकना पड़ेगा।















