5
(1)

पूर्णिया। श्रावण मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर कटोरिया (बांका) स्थित निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर में सेवा, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शिविर में महापौर विभा कुमारी, ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव सहित अन्य सदस्यों ने देवाधिदेव भगवान भोलेनाथ की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक किया। इस दौरान समस्त श्रद्धालुओं एवं कांवरिया भक्तों के सुख, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।

पूजा-अर्चना के बाद महापौर विभा कुमारी एवं ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव ने बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के लिए आगे बढ़ रहे डाक बम एवं कांवरिया भक्तों की सेवा-सत्कार की। लंबी और कठिन यात्रा के बीच श्रद्धालुओं के विश्राम एवं सुविधा के लिए शिविर में शरबत, फल, मुरब्बा, जूस सहित विभिन्न प्रकार के फलाहार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। शिवभक्तों ने शिविर में रुककर इन सुविधाओं का लाभ उठाया। इस दौरान महापौर विभा कुमारी ने स्वयं कांवरिया भक्तों को भोजन भी कराया।

सैकड़ों कांवरियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर किया सम्मानित

सेवा के दौरान महापौर विभा कुमारी ने ट्रस्टी सदस्यों के साथ मिलकर पूर्णिया से पहुंचे प्रेम कुमार, हेमराज यादव उर्फ पप्पू यादव सहित सैकड़ों कांवरिया भक्तों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवभक्तों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले कांवरिया एवं डाक बम श्रद्धालुओं की सेवा करना आत्मिक संतोष और सौभाग्य की अनुभूति कराता है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलमय एवं सुरक्षित होने तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।

ट्रस्टी सदस्य जितेंद्र यादव ने कहा कि निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरिया एवं डाक बम भक्तों को यात्रा के दौरान हरसंभव सुविधा और सेवा उपलब्ध कराना है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए शरबत, फल, मुरब्बा, जूस एवं फलाहार सहित आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा के साथ उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित करना उनके लिए श्रद्धा और समर्पण का विषय है।

श्रावणी मेला के दौरान लगातार जारी है सेवा

बताते चलें कि कटोरिया (बांका) स्थित निःशुल्क पूर्णिया सेवा शिविर में श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरिया एवं डाक बम श्रद्धालुओं के लिए सेवा-सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क फलाहार, शरबत, जूस, मुरब्बा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

शिविर परिवार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सेवा के लिए दिन-रात समर्पित होकर कार्य किया जा रहा है। अंतिम सोमवारी के अवसर पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पूरी रात शिवभक्तों की सेवा में जुटे रहे।

इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी के साथ ट्रस्टी सदस्य मनोज साह, आमोद मंडल, राजू मंडल, अंजनी साह, आशीष पोद्दार, मंटू गुप्ता, शंकर महतो, दिलीप चौधरी, नीतू दा, शुभम कुमार, विवेका यादव, अशोक महतो, राहुल कुमार, मिठ्ठू साह सहित अन्य सदस्यों ने पूरी रात डाक बम एवं कांवरिया भक्तों की सेवा की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: