


पूर्णिया। बिहार सरकार के भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के सोमवार को पूर्णिया जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बरूनेश्वर स्थान में पूजा-अर्चना एवं सरकारी मेला कार्यक्रम से लौटने के दौरान मधुबनी स्थित हनुमान मंदिर के समीप विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान आगामी 27 अगस्त को पूर्णिया सिटी-कस्बा मार्ग पर आयोजित होने वाले एक दिवसीय शिव भक्त कांवरिया सेवा शिविर को लेकर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने बताया कि मनिहारी से पवित्र गंगाजल लेकर अररिया जिले के मदनपुर स्थित बाबा मंडेश्वर धाम जाने वाले शिव भक्त कांवरियों की सुविधा एवं सेवा के लिए सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान कांवरियों की सुविधा, सेवा एवं शिविर की व्यवस्थाओं को लेकर मंत्री के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात के दौरान आशीष गोस्वामी ने डॉ. दिलीप जायसवाल को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद डॉ. दिलीप जायसवाल ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को भगवा अंगवस्त्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। मंत्री द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष को सम्मानित किए जाने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

वहीं, संगठन के सदस्यों ने “जय श्री राम” के नारों एवं जयकारों के बीच मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया। इस दौरान आगामी कांवरिया सेवा शिविर की तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा हुई।
मौके पर संगठन के राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया जिला गौ रक्षा प्रमुख नवीन कुमार, पूर्णिया जिला कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार, मंगल महाल्दार एवं विनय जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















