


नवगछिया। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा शुक्रवार को एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जंतु विज्ञान विभाग के प्राध्यापक राजेश कुमार कानोड़िया एवं अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि पृथ्वी पर मौजूद विभिन्न जीव-जंतु, वनस्पतियां और प्राकृतिक संसाधन जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका संरक्षण मानव जीवन और पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और जैव विविधता संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

जंतु विज्ञान विभाग की सेमेस्टर-5 की छात्राएं रिया कुमारी, मौसम कुमारी, सोनम कुमारी, रिया उर्फ छोटी, मुस्कान कुमारी, तुलसी कुमारी एवं कोमल कुमारी ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में पक्षियों और अन्य जीवों को बचाने के लिए वे अपने घरों की छतों पर दाना और पानी की व्यवस्था करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ ली।
















