


भागलपुर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, नवगछिया द्वारा शुक्रवार को स्थानीय मारवाड़ी विवाह भवन में प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला संघचालक विनोद केजरीवाल, नगर संघचालक दयाराम चौधरी एवं उत्तर बिहार प्रांत के प्रांतीय प्रचारक रविशंकर द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मंच संचालन जिला कार्यवाह वीरेंद्र ने किया।

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से कार्य कर रहे अभिमन्यु चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उनका नाम “अंग मुकुट के अनमोल रत्न” पुस्तक में भी प्रकाशित है।
मुख्य वक्ता एवं बौद्धिककर्ता प्रांत प्रचारक रविशंकर ने संघ के शताब्दी वर्ष पर चलाए जा रहे “पंच परिवर्तन” कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत स्व का बोध (स्वदेशी), नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा कुटुंब प्रबोधन जैसे पांच प्रमुख विषयों पर समाज में जागरूकता लाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज लोग भौगोलिक रूप से भले ही एक-दूसरे के करीब आ रहे हों, लेकिन पारिवारिक रूप से दूर होते जा रहे हैं। परिवार के सदस्यों के बीच संवाद की कमी के कारण पारिवारिक तनाव और क्लेश बढ़ रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि परिवार के सभी सदस्य प्रतिदिन या सप्ताह में कम से कम एक दिन मोबाइल फोन से दूरी बनाकर एक साथ बैठकर भोजन करें, ताकि आपसी संबंध मजबूत हों और पारिवारिक सौहार्द बना रहे।

प्रांत प्रचारक ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संवेदनशीलता पर भी जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में नगर व्यवस्था प्रमुख मनोज मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। गोष्ठी में जिले के 100 से अधिक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
















