


नवगछिया। रंगरा थाना परिसर में रविवार को चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने चौकीदारों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही, उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया।

चौकीदारों को संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा किसी भी परिस्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया। पुलिस पदाधिकारियों ने गांव स्तर पर सतर्कता बढ़ाने और छोटी-बड़ी घटनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
पुलिस और चौकीदारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर चौकीदारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनकी सजगता से अपराध की रोकथाम और क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को काफी मदद मिलती है।
















