


नवगछिया । नवगछिया के एनेसी ऑफिस के समीप शनिवार को एक युवक की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस की मदद से इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।
घायल युवक की पहचान धोबिनिया निवासी नीतीश कुमार, पिता मुरारी यादव, के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाजरत युवक ने आरोप लगाया कि गोलू कुमार, उसके भाई तथा प्रमोद सिंह ने उसके साथ मारपीट की है।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पर अश्लील हरकत करने का आरोप था। आरोप से आक्रोशित लोगों ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिसकर्मी विनोद कुमार ने बताया कि जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक युवक की काफी पिटाई हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। युवक पर लगे अश्लील हरकत के आरोपों और उसके साथ हुई मारपीट, दोनों पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

थाना पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।















