


नवगछिया में युवक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, महिला गिरफ्तार
पति और भाई के साथ मिलकर रची गई थी हत्या की साजिश, पुलिस ने वाहन भी किया बरामद
नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड नयाटोला के पास युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध, पैसों के लेन-देन और लगातार दबाव बनाए जाने के कारण युवक की हत्या की साजिश रची गई थी।

जानकारी के अनुसार 15 मई को स्टेशन रोड नयाटोला के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी मधुसूदन सिंह उर्फ महेश्वर सिंह के रूप में हुई।
मृतक की पत्नी के आवेदन पर नवगछिया थाना में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानव सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में पुलिस ने महिला आरोपी काजल कुमारी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान काजल कुमारी ने पुलिस के सामने कई अहम खुलासे किए। पुलिस के अनुसार महिला ने स्वीकार किया कि उसका मृतक मधुसूदन सिंह के साथ अवैध संबंध था। बीते कुछ समय से मृतक लगातार उससे रुपये की मांग कर रहा था और बार-बार मिलने एवं बातचीत करने के लिए दबाव बना रहा था।

महिला ने पुलिस को बताया कि वह मृतक के दबाव और लगातार हो रही परेशानियों से तंग आ चुकी थी। इसके बाद उसने अपने पति बृजेश कुमार और भाई गुड्डू कुमार के साथ मिलकर मधुसूदन सिंह की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक पूर्व नियोजित योजना के तहत मृतक को बुलाया गया और उसकी हत्या कर शव को स्टेशन रोड नयाटोला के पास फेंक दिया गया, ताकि मामला सामान्य हत्या या दुर्घटना जैसा लगे।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया है। वहीं हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नवगछिया पुलिस का कहना है कि मामले में सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के खुलासे के बाद इलाके में मामले को लेकर काफी चर्चा है।
















