0
(0)



पुजारी के कमरे का ताला तोड़कर 6.82 लाख रुपये लेकर फरार हुए चोर

बेटी की शादी के लिए जमा की गई थी रकम, पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी

नवगछिया बाजार स्थित चैती दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को बड़ी चोरी की घटना सामने आई। मंदिर के पुजारी पंडित निरंजन के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने बक्से में रखे करीब 6 लाख 82 हजार रुपये चोरी कर लिये। चोरी गई राशि पुजारी ने अपनी पुत्री की शादी के लिए जमा कर रखी थी। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।



जानकारी के अनुसार रविवार होने के कारण पुजारी रुपये बैंक में जमा नहीं कर सके थे। उन्होंने सोमवार को राशि जमा करने की योजना बनाई थी, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने दिन के लगभग 12 बजे से 2 बजे के बीच वारदात को अंजाम दे दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के समय पंडित निरंजन अपने परिवार से मिलने गये हुए थे। वे मंदिर परिसर स्थित मुंशी पुस्तकालय के एक कमरे में रहते हैं, जबकि उनका परिवार किराये के मकान में निवास करता है।


जब पुजारी वापस लौटे तो कमरे में दूसरा ताला लगा देख हैरान रह गये। उन्होंने तुरंत मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संदीप गुप्ता को सूचना दी। इसके बाद कमेटी के अन्य सदस्यों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी ताला बदलने की जानकारी होने से इनकार कर दिया।

सूचना मिलने पर नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नया ताला तोड़कर कमरे का दरवाजा खोला। अंदर रखा बक्सा टूटा हुआ मिला और उसमें रखी नकदी गायब थी। कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था।

मामले में पुजारी पंडित निरंजन ने नवगछिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।


जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कमरे में लगाया गया नया ताला नवगछिया बाजार की एक दुकान से खरीदा गया था। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि ताला खरीदने आया युवक लंबा और सांवले रंग का था तथा काफी घबराया हुआ दिखाई दे रहा था। उसने 80 रुपये कीमत वाले ताले के बदले 200 रुपये दिये और जल्दबाजी में वहां से निकल गया। दुकानदार द्वारा बाकी पैसे लौटाने के लिए आवाज लगाने पर भी वह नहीं रुका।

पुलिस अब मंदिर परिसर के आसपास लगे नगर परिषद के कैमरों और बाजार क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। नवगछिया थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: